14 जून 2019 - 15:06
ईरान व जापान के राष्ट्र्ध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक, ईरान के लिए क्षेत्रीय सुरक्षा बेहद अहम, राष्ट्रपति रूहानी

इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति ने तेहरान व टोक्यो के मध्य संंबंध विस्तार का स्वागत करते हुए कहा है कि ईरान दोनों देशों के हितों के आधार पर विशेषकर आर्थिक क्षेत्रों में संबंध विस्तार का इच्छुक है।

राष्ट्रपति हसन रूहानी ने बुधवार की रात, ईरान व जापान के उच्च प्रतिनिधिमंडलों की बैठक के दौरान, जापान के प्रधानमंत्री और उनके साथ तेहरान आए प्रतिनिधि मंडल का स्वागत करते हुए कहा कि इस्लामी गणतंत्र ईरान , जापान के साथ संबंध विस्तार को बहुत महत्व देता है और हमें आशा है कि यह यात्रा तेहरान- टोक्यो संबंधों में महत्वपूर्ण मोड़ साबित होगी। 

राष्ट्रपति रूहानी ने इसी प्रकार परमाणु समझौते का उल्लेख किया और इस बात की ओर संकेत करते हुए कि सभी देशों का जेसीपीओए और संयुक्त राष्ट्र संघ के प्रस्ताव क्रमांक 2231 के प्रति निर्धारित कर्तव्य हैं, आशा प्रकट की है कि जापान भी इस संदर्भ में अपने दायित्वों का पालन करेगा। 

राष्ट्रपति रूहानी ने इस बात का उल्लेख करते हुए कि अगर आतंकवाद के विरुद्ध ईरान की कार्यवाहियां न होतीं तो दाइश सहित आतंकवादी गुट, पूरे क्षेत्र को संकट ग्रस्त कर दिये होते, कहा कि क्षेत्र की सुरक्षा, ईरान के लिए बहुत महत्वपूर्ण मुद्दा है। 

राष्ट्रपति रूहानी ने बल दिया कि इस्लामी गणतंत्र ईरान, अमरीका सहित किसी भी देश के साथ तनाव या युद्ध का इरादा नहीं रखता लेकिन यदि हम पर हमला होगा तो ईरान का जवाब, ठोस और पछताने पर मजबूर करने वाला होगा। 

राष्ट्रपति ने कहा कि यदि सभी क्षेत्र की सुरक्षा , तनाव में कमी और स्थिरता के इच्छुक हैं तो ईरान के खिलाफ आर्थिक प्रतिबंध, ख़त्म होने चाहिए और इसके बाद इलाक़े में नये संबंध स्थापित होंगे। 

इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति ने इस बात का वर्णन करते हुए कि ईरानी जनता, अमरीकी सरकार की कार्यवाहियों और अन्यायपूर्ण आर्थिक दबाव से गुस्से में है, आशा प्रकट की है कि, अमरीकियों की समझ में यह आ जाएगा कि  किसी सरकार या सेना के खिलाफ युद्ध में विजय की संभावना हो भी  सकती है लेकिन एक राष्ट्र के खिलाफ युद्ध में हमेशा पराजय ही मिलती है। 

इस भेंट में जापान के प्नधानमंत्री शेन्ज़ोआबे ने भी इस बात का उल्लेख करते हुए कि जेसीपीओए, द्विपक्षीय व अंतराष्ट्रीय संबंधों में विश्वास बहाली के लिए एक महत्वपूर्ण समझौता है, बल दिया कि जापान  ने जेसीपीओए को सुरक्षित रखने के लिए बहुत प्रयास किये हैं और कर रहा है। 

उन्होंने ईरान व जापान के आर्थिक संबंधों पर अमरीकी प्रतिबंधों के प्रभावों के बारे में कहा कि जापान की इच्छा है कि वह ईरान से तेल की खरीदारी और आर्थिक संबंध जारी रखे।